Breaking News

पाटसेन्द्री में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक खुशीराम दास का भावपूर्ण स्वर्णिम आशीर्वाद एवं विदाई समारोह संपन्न

पाटसेन्द्री में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक खुशीराम दास का भावपूर्ण स्वर्णिम आशीर्वाद एवं विदाई स‌मारोह संपन्न


सारंगढ़.. पाटसेन्द्री में कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में प्रधान पाठक खुशीराम दास के सेवानिवृत्ति अवसर पर भव्य “स्वर्णिम आशीर्वाद सह विदाई समारोह” का आयोजन किया गया। यह अवसर सम्मान, आत्मीयता और भावनाओं से परिपूर्ण रहा, जहाँ शिक्षाजगत से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों, गुरुजनों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटसेन्द्री के पूर्व प्राचार्य के.आर. पटेल रहे। समारोह में खुशीराम दास के छात्र जीवन के गुरुजन—पूर्व प्राचार्य एस.आर. पटेल, चिंतामणि पटेल, बृजलाल पटेल एवं खेमराज पटेल का विशेष रूप से आगमन हुआ, जिनके आशीर्वचन ने वातावरण को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में ग्राम पाटसेन्द्री के सरपंच तरूण पटेल, छविलाल चौधरी, जी.आर. साहू, भोजराम पटेल (पूर्व बीआरसीसी), नेहरूलाल पटेल, एस.एल. पटेल (प्राचार्य, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खम्हारिया), पुहुप (प्राचार्य, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायपाली), दुर्योधन पटेल एवं नायक (बीआरसीसी सरायपाली) मंचासीन रहे।
समारोह में कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटसेन्द्री के जे.जे. पटेल, जी.एस. पटेल, एल.एन. नायक सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बारडोली, बहेरापाली, नवागढ़, केदुवा एवं दुडुंगचुवा संकुल सहित विकासखंड सरायपाली के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। खुशीराम दास के परिजन एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति ने आयोजन को पारिवारिक आत्मीयता प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन सी.के. पटेल एवं खगेश्वर पटेल ने प्रभावपूर्ण ढंग से किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के.आर. पटेल ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में खुशीराम दास के शिक्षकीय जीवन की सरलता, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं। वहीं एस.एल. पटेल द्वारा अभिनंदन पत्र का वाचन किया गया, जिसमें 6 फरवरी 1984 से 30 अप्रैल 2026 तक की उनकी संपूर्ण सेवायात्रा का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया गया। शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2017 में प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार के प्रथम वर्ष में ही सम्मानित किया जाना उनकी उपलब्धियों का गौरवपूर्ण प्रमाण रहा।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में भोजराम पटेल ने तुलनात्मक शैली में शिक्षकीय जीवन की महत्ता को प्रस्तुत करते हुए सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में खुशीराम दास ने भावुक शब्दों में सभी अतिथियों, गुरुजनों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने पारिवारिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका विवाह 18 अप्रैल 1987 को लक्ष्मी दास के साथ हुआ तथा उन्हें दो पुत्र एवं दो पुत्रियों का स्नेह प्राप्त है। परिवार के सदस्य विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं में कार्यरत हैं, जिनमें एक पुत्र शिक्षक, एक पुत्री सीमा सुरक्षा बल में हेड कांस्टेबल तथा बड़े दामाद आरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर पदस्थ हैं।
उन्होंने शिक्षा के प्रति अपने समर्पण को आगे बढ़ाते हुए घोषणा की कि मानिकपुरी समाज के कक्षा 12वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2101 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटसेन्द्री, हायर सेकेंडरी विद्यालय केदुवा एवं आडियल पब्लिक स्कूल पाटसेन्द्री के मेधावी विद्यार्थियों को भी इसी प्रकार सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पूर्व माध्यमिक शाला बहेरापेली, केदुवा एवं पाटसेन्द्री के कक्षा आठवीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 500-500 रुपये देने की घोषणा भी की गई।
अपने छात्र जीवन एवं गुरुजनों से जुड़े संस्मरण साझा करते समय वातावरण अत्यंत भावुक हो उठा। उनके शब्दों को सुनकर के.आर. पटेल एवं एस.आर. पटेल सहित अनेक गुरुजन भावनाओं से अभिभूत हो गए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समस्त अतिथियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। संपूर्ण आयोजन की गरिमा, आत्मीयता एवं सफल संचालन के लिए ग्रामवासियों ने खुशीराम दास के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

नव जागृति विद्यालय की बेटियों ने रचा इतिहास, 10वीं-12वीं में किया टॉप

🔊 Listen to this नव जागृति विद्यालय की बेटियों ने रचा इतिहास, 10वीं-12वीं में किया …