Breaking News

मुंगेली में डिजिटल हुआ मालखाना, बारकोड से होगी जब्त संपत्ति की पहचान और ट्रैकिंग

मुंगेली में डिजिटल हुआ मालखाना, बारकोड से होगी जब्त संपत्ति की पहचान और ट्रैकिंग

बिलासपुर संभाग में पहली पहल, जरहागांव और फास्टरपुर थानों में ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ


मुंगेली। पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए मुंगेली जिले में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले के दो थानों—जरहागांव एवं फास्टरपुरमें ‘ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम’ का शुभारंभ किया गया। 27 अगस्त 2026 को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने दोनों थानों में इस डिजिटल व्यवस्था का उद्घाटन किया।
बिलासपुर संभाग में पहली बार मुंगेली जिले के दो थानों में शुरू की गई यह व्यवस्था जब्त संपत्ति और केस प्रापर्टी के सुरक्षित, पारदर्शी एवं व्यवस्थित प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

अब विभिन्न अपराधों, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों में जब्त की गई सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और प्रत्येक सामग्री को यूनिक बारकोड के माध्यम से पहचान प्रदान की जाएगी।एक क्लिक पर मिलेगी केस प्रापर्टी की जानकारीपुलिस थानों के मालखानों में विभिन्न प्रकरणों से संबंधित बड़ी संख्या में सामग्री सुरक्षित रखी जाती है। इनमें नकदी, वाहन, हथियार, एनडीपीएस एक्ट से संबंधित सामग्री, आबकारी अधिनियम के तहत जब्त वस्तुएं तथा अन्य केस प्रापर्टी शामिल होती हैं। इतनी बड़ी संख्या में सामग्री का पारंपरिक तरीके से रिकॉर्ड रखना और जरूरत पड़ने पर किसी विशेष वस्तु को तलाशना चुनौतीपूर्ण होता है।
ई-मालखाना प्रणाली इस चुनौती का तकनीकी समाधान प्रस्तुत करती है। इसके तहत प्रत्येक जब्त सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। यूनिक बारकोड के माध्यम से संबंधित केस प्रापर्टी की पहचान, स्थिति और रिकॉर्ड को कंप्यूटर आधारित प्रणाली में आसानी से खोजा जा सकेगा। इससे आवश्यकता पड़ने पर किसी प्रकरण से जुड़ी सामग्री की जानकारी कम समय में उपलब्ध हो सकेगी।


पारदर्शिता और जवाबदेही को मिलेगा बल

नई व्यवस्था से मालखाना प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होने के साथ-साथ पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत होगी। जब्त सामग्री के रिकॉर्ड के संधारण में होने वाली कठिनाइयां कम होंगी तथा केस प्रापर्टी के सुरक्षित रख-रखाव और त्वरित उपलब्धता को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा। तकनीक के माध्यम से रिकॉर्ड प्रबंधन को सरल और सुरक्षित बनाते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के काम को अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।आधुनिक पुलिसिंग की ओर मुंगेली पुलिस का कदमपुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने तथा लंबित कार्यों के त्वरित एवं व्यवस्थित निराकरण पर निरंतर जोर दिया जा रहा है। ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ इसी दिशा में मुंगेली पुलिस की आधुनिक एवं तकनीक आधारित कार्यप्रणाली की ओर बढ़ता महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुलिस कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के माध्यम से नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस डिजिटल पहल से मालखाना प्रबंधन केवल कागजों और रजिस्टरों तक सीमित न रहकर तकनीक आधारित, सुरक्षित और अधिक पारदर्शी व्यवस्था की ओर आगे बढ़ेगा।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

तखतपुर क्षेत्र में वन्यजीव का प्राणघातक हमला: युवक की दर्दनाक मृत्यु, ग्रामीणों में दहशत

🔊 Listen to this तखतपुर क्षेत्र में वन्यजीव का प्राणघातक हमला: युवक की दर्दनाक मृत्यु, …