मुंगेली/ छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां अब पूरे शबाब पर नजर आ रही है। भाजपा ने जहां 22 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं वहीं आज जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्र मुंगेली अजा आरक्षित व लोरमी सामान्य के लिए कार्यकर्ताओं से पर्यवेक्षकों पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामसेवक पैकरा एवं पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने राय शुमारी की।
अटल परिसर जिला भाजपा कार्यालय मुंगेली में पर्यवेक्षकों पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा एवं बिलासपुर जिले भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने पहले अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के लिए कोरग्रुप सदस्यों व जिला,मण्डल व मोर्चा के पदाधिकारियों से एवं अन्य मशविरा देने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से वन टू वन बात कर उनकी पसंद व जीत सकने वाले प्रत्याशी के संभावित नामों पर चर्चा कर सुझावों को डायरी में दर्ज किया।
इसके पश्चात लोरमी सामान्य सीट के लिए विधानसभा कोरग्रुप,जिला मण्डल व मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व अन्य कार्यकर्ताओं से उनकी पसंद तथा जीत सकने वाले प्रत्याशी के नामों के सुझाव मांगे और सुझावों को नोट किया। ज्ञातव्य है कि मुंगेली अनुसूचित जाति की सीट से वर्तमान में भाजपा विधायक पुन्नूलाल मोहले हैं वहीं लोरमी सामान्य सीट से भी भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह हैं। दूसरी ओर बिल्हा विधानसभा क्षेत्र का आधा हिस्सा मुंगेली जिले के पथरिया सरगांव के रूप में आता है जहां से भाजपा के ही धरमलाल कौशिक विधायक हैं। विधानसभा क्षेत्र से मुंगेली एव लोरमी से प्रत्याशी बनने के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने भी पर्यवेक्षक द्वय से मिलकर अपना आवेदन सौंपा। इस अवसर पर जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्र के जिला मण्डल,मोर्चा,प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
