श्रीरामलला दर्शन योजना से साकार हुई श्रद्धालुओं की अभिलाषा
जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर 64 दर्शनार्थियों को अयोध्या धाम के लिए किया रवाना
पुष्पहार पहनाकर श्रद्धालुओं का किया सम्मान, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं
मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन की श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने की अभिलाषा लेकर जिले के 64 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा केवल धार्मिक भ्रमण ही नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक आनंद से जुड़ा एक विशेष अवसर है। प्रभु श्रीरामलला के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर यात्रा को लेकर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया तथा हरी झंडी दिखाकर उन्हें बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया। सभी ने दर्शनार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा सुखद, सुरक्षित और मंगलमय होने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत सभापति उमाशंकर साहू, जनपद पंचायत लोरमी के उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू तथा जनपद पंचायत पथरिया के सभापति रिंकू सिंह उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस धार्मिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है श्रीरामलला दर्शन योजना
श्रीरामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालु अपनी धार्मिक आस्था को साकार करते हुए प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकेंगे। अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन की अभिलाषा पूरी होने की उम्मीद से श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
श्रद्धालुओं को रवाना करते समय जनप्रतिनिधियों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित यात्रा और सुखद दर्शन की कामना की। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण रहा। 64 दर्शनार्थियों का यह जत्था प्रभु श्रीरामलला के दर्शन की पावन अभिलाषा के साथ अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ।
ISB24NEWS Online News Portal

