तखतपुर राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट: रोमांचक मुकाबलों के बीच कोरबा ने फाइनल में बनाई जगह, अतिथियों की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह
तखतपुर. नगर पंचायत में आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आठवां दिन खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार साबित हुआ। एक ओर मैदान में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों को बांधे रखा, वहीं दूसरी ओर विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
मुकाबलों का रोमांच पहला मुकाबला:

क्रिश्चियन वेलफेयर सोसाइटी और सी जे सी चैलेंजर्स भथरी के बीच खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेलफेयर सोसाइटी ने 10 ओवर में 104 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भथरी की टीम ने शानदार खेल दिखाया और 3 विकेट खोकर जीत दर्ज की। नितिन को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा क्वार्टर फाइनल:
मिशन हॉस्पिटल तिल्दा और चर्च ऑफ क्राइस्ट कोरबा के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। तिल्दा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 140 रन बनाए। जवाब में कोरबा की टीम ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त वापसी करते हुए अंतिम चार गेंदों पर तीन छक्के जड़कर जीत अपने नाम कर ली। रजत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
सी जे सी चैलेंजर्स भथरी और चर्च ऑफ क्राइस्ट कोरबा के बीच खेले गए सेमीफाइनल में भथरी ने 10 ओवर में 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कोरबा की टीम ने आखिरी दो गेंदों पर आनंद के शानदार छक्के की बदौलत जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। विनय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
मुकाबलों के दौरान बिलासपुर से पहुंचे विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायी शब्दों से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर भारती माली, बंसी पांडे, हनीफ खान, शानूल खान, मुकीम अंसारी, अयूब अंसारी, डॉ. विनोद, ईश्वर देवांगन, रजनी देवांगन, म. प्रसाद, एस.के. एंड्रयूज, समीर, सिल्विया सैमुएल और साहिल खान की उपस्थिति रही।
आयोजन समिति ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन नई दिशा देते रहेंगे।दिनभर चले इन रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जहां एक और रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी।
ISB24NEWS Online News Portal



