स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक मरीजों का हुआ उपचार

स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक मरीजों का हुआ उपचार

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, मरीजों को मिला निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श

गर्भवती महिलाओं, मधुमेह रोगियों एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की हुई जांच, टीकाकरण की सुविधा भी रही उपलब्ध

मुंगेली.  आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा समय पर बीमारियों की पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई तथा उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।शिविर में नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारे, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एम.के. राय, एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विजेन्द्र पाटले एवं डॉ. हर्षा राय ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने एक-एक कर मरीजों की समस्याएं सुनीं और उनके स्वास्थ्य की स्थिति का परीक्षण कर उचित उपचार एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य केवल मरीजों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और सामान्य बीमारियों को गंभीर रूप लेने से पहले पहचानने के लिए प्रेरित करना भी रहा।

शिविर में सर्दी, खांसी, बुखार सहित बदलते मौसम के कारण होने वाली विभिन्न मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा मधुमेह (शुगर) की जांच, कान, नाक एवं गले से संबंधित समस्याओं का परीक्षण तथा गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया, वहीं टीकाकरण की सुविधा के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित किया गया।विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के लिए परामर्श एवं उपचार प्राप्त करने का अवसर मिला। इससे मरीजों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ी। शिविर में पहुंचे मरीजों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित खानपान अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा चिकित्सकों द्वारा दी गई सलाह का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया।स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक मरीजों की सहभागिता से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति नागरिकों का भरोसा भी दिखाई दिया। इस प्रकार के शिविर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय पर बीमारी की पहचान करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होते हैं।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, दो अन्य ग्रामीणों ने भी गंवाई जान

🔊 Listen to this पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले की सड़क …