Breaking News

सुशासन तिहार बना जनविश्वास और समाधान का सशक्त मंच जनता की समस्याओं पर प्रशासन हुआ संवेदनशील

सुशासन तिहार बना जनविश्वास और समाधान का सशक्त मंच

जनता की समस्याओं पर प्रशासन हुआ संवेदनशील, विकास कार्यों को मिली नई गति

मुंगेली..मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयोजित सुशासन तिहार अब केवल एक शासकीय औपचारिकता नहीं, बल्कि जनआकांक्षाओं, विश्वास और समाधान का जीवंत उत्सव बनता जा रहा है। नगर पंचायत बरेला में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की भारी उपस्थिति इस बात का प्रमाण बनी कि जनता अब प्रशासन से सीधा संवाद कर अपनी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद लेकर आगे बढ़ रही है। शिविर में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं तथा त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष नरेश पटेल ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर खुलकर चिंता व्यक्त करते हुए विद्युत कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए तथा बिजली बिल भुगतान सहित सभी आवश्यक सेवाएं बरेला में ही यथावत संचालित रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भटकना पड़े, यह सुशासन की भावना के विपरीत है।

वहीं क्षेत्रीय विधायक पुन्नू लाल मोहले ने शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ केवल कागज़ों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। विधायक ने संवेदनशील प्रशासन और जवाबदेही पर बल देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।

कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को समय पर राहत और सम्मानजनक समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इसी दौरान जरहागांव थाना प्रभारी शोभा यादव की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की, वहीं बरेला इंजीनियर को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कड़ी चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा —“यहां जनता अपनी समस्याओं को लेकर घंटों से बैठी है और अधिकारी लंच में व्यस्त हैं, यह बिल्कुल उचित नहीं है।”

कलेक्टर की इस सख्ती ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया कि अब जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।सुशासन तिहार के दौरान विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं विधायक द्वारा एनएच अधिकारियों को बरेला मेन रोड पर नाली एवं सड़क निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ी दुकानों और अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश संबंधित विभागों को दिए गए।

बरेला विद्युत कार्यालय में बिजली बिल भुगतान सुविधा यथावत बनाए रखने एवं अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराने का आश्वासन भी प्रशासन की ओर से दिया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पंचायत बरेला द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नरेश महीश की सराहना की और कहा कि पूरे जिले में बरेला ने उल्लेखनीय कार्य कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया है।नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु जेसीबी, टैंकर, ऑटो एवं ट्रैक्टर की शीघ्र स्वीकृति की बात भी कही गई, जिससे नगर में स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। श्रम विभाग ने 14 हितग्राहियों को श्रमिक कार्ड वितरित किए, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नोनी सुरक्षा योजना अंतर्गत बॉण्ड पेपर प्रदान किए गए। नगर पंचायत बरेला द्वारा कक्षा 10वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कृषि विभाग ने किसानों को अरहर मिनी किट वितरित किए, उद्यान विभाग ने फलदार पौधों का वितरण किया तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा हितग्राही को मछली जाल प्रदान किया गया। नगर पंचायत द्वारा 16 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड दिए गए, जबकि सेवा सहकारी समिति मर्यादित बरेला ने किसानों को केसीसी चेक वितरित किए। वहीं राजस्व विभाग द्वारा नक्शा, खसरा एवं बी-1 की प्रतियां प्रदान कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई।

सुशासन तिहार का संपूर्ण वातावरण जनसंवाद, संवेदनशील प्रशासन और त्वरित समाधान की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन उमर कुरैशी एवं गौकरण डिंडोरे द्वारा किया गया, जिनकी सहज प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को गरिमामय बना दिया।इस अवसर पर  एसपी भोजराम पटेल,अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला सीईओ प्रभाकर पाण्डेय,एसडीएम अजय शतरंज,जिला  जिला शिक्षा अधिकारी सी के घृतलहरे,  नगर अध्यक्ष नरेश पटेल, सीएमओ नरेश महिष   तथा समस्त पार्षद गांव एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

खेल, संस्कार और समरसता का संगम: तखतपुर में राज्य स्तरीय क्रिकेट  बना आकर्षण का केंद्र

🔊 Listen to this ‍खेल, संस्कार और समरसता का संगम: तखतपुर में राज्य स्तरीय क्रिकेट  …