वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को मिलती है दिशा: विधायक पुन्नूलाल मोहले
वृद्धजनों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन कीप्राथमिकता: कलेक्टर अमृत विकास तोपनो
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सम्मान समारोह, 500 वरिष्ठ नागरिकों एवं 30 दिव्यांगजनों को मिला योजनाओं का लाभ

मुंगेली। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुए समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक जीवन की कामना की।समारोह में सेवा, सम्मान और संवेदना का सुंदर संगम देखने को मिला। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 500 वरिष्ठ नागरिकों एवं 30 दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया। हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके साथ ही विवाह प्रोत्साहन, उच्च शिक्षा प्रोत्साहन तथा सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली गई।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने वरिष्ठ नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके जीवन का अनुभव नई पीढ़ी के लिए ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन का अमूल्य स्रोत है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र हितग्राहियों को पेंशन के साथ राशन, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन योजना जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। जरूरत के अनुसार ट्रायसायकल, छड़ी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर और बैसाखी जैसे सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। समाज के इस अनुभवी वर्ग के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किसी एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके प्रति आदर, अपनत्व और संवेदनशीलता की भावना निरंतर बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों ने अपने जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव और चुनौतियों का सामना किया है। उनके पास अनुभव का ऐसा अमूल्य भंडार है, जिससे नई पीढ़ी बहुत कुछ सीख सकती है। उनके अनुभवों से प्रेरणा लेकर युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में अनेक योजनाएं एवं सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक इन योजनाओं का लाभ समय पर और सहज रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि केवल योजनाएं संचालित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक उनकी जानकारी पहुंचाना और उन्हें वास्तविक लाभ दिलाना भी उतना ही आवश्यक है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वरिष्ठ नागरिकों को शासन की योजनाओं की सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठजनों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाते हुए स्वस्थ समाज और बेहतर राष्ट्र निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी ने कहा कि वरिष्ठजनों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय परिवार, समाज और देश की सेवा में समर्पित किया है। उनके योगदान और अनुभव को सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
समारोह में वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल साक्षरता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध योजनाओं एवं सहायक उपकरणों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पवन पाण्डेय, जनपद सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा अशोक सोनी ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया।
ISB24NEWS Online News Portal

