500 रुपये के लिए वृद्ध महिला की हत्या, 6 दिन में खुला अंधा कत्ल

500 रुपये के लिए वृद्ध महिला की हत्या, 6 दिन में खुला अंधा कत्ल

मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे 500 रुपये, इनकार पर गुस्से में हंसिया से गला रेतकर हत्या; नाबालिग अभिरक्षा में

 मुंगेली। ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पथरिया पुलिस ने महज छह दिन में खुलासा कर दिया है। 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात हुई इस वारदात में पुलिस ने गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने अपना गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए मृतिका से 500 रुपये मांगे थे। रुपये देने से इनकार करने पर गुस्से में उसने हंसिया से महिला के गले पर वार कर हत्या कर दी।

रात के अंधेरे में हुई थी हत्या

27 सितंबर को दिव्या भारती, निवासी अमोरा, थाना जरहागांव ने चौकी साकेत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात ग्राम उमरिया स्थित घर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही चौकी साकेत और थाना पथरिया पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग जांच और पंचनामा कार्रवाई के बाद हत्या की पुष्टि होने पर 28 सितंबर को थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 242/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
बेसिक पुलिसिंग से खुली वारदात की परतें
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अज्ञात आरोपी की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतिका के परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इसके साथ ही फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि वारदात गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा की गई है।

500 रुपये ने बदल दिया रिश्ते का चेहरा

पुलिस के अनुसार, बालक ने पूछताछ में बताया कि उसका मोबाइल गिरवी रखा हुआ था और उसे छुड़ाने के लिए उसे 500 रुपये की जरूरत थी। उसने मृतिका सोनकलिया बाई, जिसे वह पारिवारिक दादी के रूप में जानता था, से रुपये मांगे। रुपये नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया और हंसिया से महिला के गले पर प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कपड़े बरामद, किशोर न्याय बोर्ड में पेश
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और जींस पैंट उसके घर से बरामद किए। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 3 अक्टूबर को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। इसके बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष पेश किया गया, जहां से पृथक बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक पवन देवांगन, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, सउनि रोशन टण्डन सहित थाना पथरिया, चौकी साकेत और साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

आकस्मिक निरीक्षण में खुली स्कूलों की लापरवाही डीईओ ने अनुपस्थित शिक्षकों पर वेतन रोकने की कार्रवाई की

🔊 Listen to this आकस्मिक निरीक्षण में खुली स्कूलों की लापरवाही डीईओ ने अनुपस्थित शिक्षकों …