छग ब्यूरो चीफ पी बेनेट(7389105897)
कलेक्टर ने लगाया जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में प्राणवायु देने वाले पीपल का पौधा
लोगों को दिया पर्यावरण संरक्षण और संर्वधन का संदेश
मुंगेली 29 अगस्त 2020// जिले को और अधिक हरा-भरा बनाने के लिए मुंगेली विकास खण्ड के ग्राम तराईगांव (ठकुरीकापा) में आज जिला स्तरीय वन महोत्सव का कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वन महोत्सव कार्यक्रम में कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने प्राणवायु देने वाले पीपल का पौधा लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और संर्वधन का संदेश दिया। इस अवसर पर वनमण्डाधिकारी श्री आर सी. दुग्गा और जिला पंचायत सदस्य श्री वशी उल्लाह खाॅ ने क्रमशः आयुर्वेद औषधि से युक्त नीम एवं जामुन का पौधा रोपित किया ।
कलेक्टर श्री एल्मा ने वन महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वन हमारे लिए काफी जरूरी हैं क्योंकि वन हमारी प्रकृति और मनुष्य जीवन में संतुलन बनाये रखने में काफी अहम है। उन्होने कहा कि वन ही जीवन है। वन से ही हमें शुद्ध हवा और पानी मिलता है। उन्होने कहा कि वन क्षेत्रों में लगातार कमी आ रही है। जिसके कारण लोगों को विभिन्न प्रकार की समस्यों का सामना करना पडता है। उन्होने कहा कि जिले को और अधिक हरा-भरा बनाने के लिए बड़ी संख्या में पौधा रोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के विकास खण्ड मुंगेली के ग्राम तराईगांव (ठकुरीकापा) में वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाये जा रहे है। उन्होने कहा कि ये पौधे ग्राम वासियों के लिए ही लगाये जा रहे है। उन्होने कहा कि पौधा बडा होकर पेड़ बनेगें। इससे अनेक लाभ प्राप्त होंगे। गांवो के लिए उपयोगी और सार्थक होगी। उन्होने ग्राम वासियों से रोपित किये गये पौधों की देख-रेख उनका संरक्षण एवं संवर्धन करने की समझाईश दी। वन महोत्सव को वनमण्डाधिकारी श्री दुग्गा ने भी संबोधित किया। उन्होने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि ग्राम तराईगांव (ठकुरीकापा) में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया है। वन महोत्सव के माध्यम से यहां लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के लगभग एक हजार पौधे लगाये जा रहे है। उन्होने कहा कि प्रकृति ही हमारी सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सहायक होती है। इस हेतु हमें प्रकृति को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए हमें बड़ी संख्या में पौधे लगाने की आवश्यकता है। उन्होने प्रत्येंक लोगों को पौधा रोपण करने की समझाईश दी। वन महोत्सव को जिला पंचायत के सदस्य श्री खाॅ ने भी संबोधित किया और उन्होने भावी पीढ़ी के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधा रोपण करने की सलाह दी। इस अवसर पर ग्राम के सरपंच श्री सोनकर और ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों ने भी पौधा रोपण कर पौधों की संरक्षण और संवर्धन करने की बात कहीं। वन महोत्सव में वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी उपस्थित थे।