Breaking News

देहदान के संकल्प ने रचा मानवता का प्रेरक अध्याय, चर्च में कुमार राज कश्यप का सम्मान

देहदान के संकल्प ने रचा मानवता का प्रेरक अध्याय, चर्च में कुमार राज कश्यप का सम्मान

जरहागांव। मानव जीवन केवल अपने लिए जीने का नाम नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए कुछ ऐसा छोड़ जाने का संकल्प भी है, जो मृत्यु के बाद भी जीवन को सार्थक बनाए। इसी मानवीय भावना और समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए नगर पंचायत जरहागांव निवासी कुमार राज कश्यप ने अपने देहदान का संकल्प लिया है। उनके इस अनुकरणीय निर्णय को लेकर पेंड्रीडीह आवास चर्च में विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें परिवार सहित सम्मानित किया गया।
कुमार राज कश्यप का जीवन ग्रामीण परिवेश की सादगी, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। मुंगेली जिले के नगर पंचायत जरहागांव के एक सामान्य कृषक परिवार में जन्मे और पले-बढ़े कुमार राज अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। गांव की मिट्टी में बचपन बिताने और ग्रामीण परिवेश में ही शिक्षा-दीक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ वे प्रारंभ से ही सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे। सत्संगति और समाजहित की प्रेरणा ने उनके व्यक्तित्व में सेवा, संवेदना और मानव कल्याण की भावना को निरंतर मजबूत किया।
इसी मानवीय सोच का परिणाम है कि उन्होंने जीवन के बाद भी समाज के काम आने का निर्णय लेते हुए देहदान करने का संकल्प लिया। उनका यह निर्णय न केवल चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि समाज के लिए एक ऐसी प्रेरणा भी है, जो लोगों को मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा करने का संदेश देती है।सम्मान समारोह के दौरान कुमार राज कश्यप ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह शरीर मेरा व्यक्तिगत स्वार्थ पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि मानव समाज की अमूल्य धरोहर है। जीवन समाप्त होने के बाद यदि मेरा शरीर चिकित्सा शिक्षा के काम आता है और उससे अनेक चिकित्सक तैयार होते हैं, तो इससे बड़ा मानव सेवा का अवसर और क्या हो सकता है।”
उन्होंने कहा कि उनके देहदान से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना को समझने में मदद मिलेगी। संभव है कि उनके इस छोटे से त्याग से भविष्य में अनेक चिकित्सक तैयार हों और वे लाखों-करोड़ों लोगों के जीवन को बचाने में अपनी भूमिका निभाएं। उनके लिए यही इस संकल्प की सबसे बड़ी सार्थकता और जीवन का वास्तविक सम्मान है।
चर्च में आयोजित इस सम्मान समारोह में कुमार राज कश्यप के इस निर्णय की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि देहदान का निर्णय साहस, संवेदनशीलता और व्यापक मानवीय दृष्टिकोण का परिचायक है। जहां सामान्यतः व्यक्ति मृत्यु के बाद अपने शरीर को लेकर अनेक भावनात्मक धारणाओं से जुड़ा रहता है, वहीं कुमार राज कश्यप ने इन सीमाओं से ऊपर उठकर मानव कल्याण को प्राथमिकता दी है।
इस अवसर पर उनके परिवार की ओर से उनकी धर्मपत्नी एवं अनुराग व्ही.एम. स्कूल की संचालिका सुभद्रा राज कश्यप सहित चर्च के पास्टर राजेश माथुर, अमित सुखनंदन तथा समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने कुमार राज कश्यप के देहदान के संकल्प की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल और प्रेरणादायी विचारों को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।कुमार राज कश्यप का यह संकल्प इस बात का जीवंत उदाहरण है कि सेवा की कोई अंतिम सीमा नहीं होती। जीवन रहते हुए तो हर व्यक्ति समाज के लिए कुछ न कुछ कर सकता है, लेकिन मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन को बचाने और चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना मानवता के प्रति सर्वोच्च समर्पण की भावना को दर्शाता है।
उनका देहदान का निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए यह संदेश भी छोड़ता है कि मनुष्य का जीवन उसकी सांसों के थमने के साथ समाप्त नहीं होता। यदि उसके कर्म समाज के हित में हों, तो उसका योगदान मृत्यु के बाद भी लंबे समय तक जीवित रह सकता है। कुमार राज कश्यप ने इसी विचार को अपने संकल्प के माध्यम से चरितार्थ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत तीन शातिर चोर गिरफ्तार, तीन बाइक और सामान बरामद

🔊 Listen to this लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत तीन शातिर …