भारी बारिश के मद्देनजर कलेक्टर ने दिए व्यापक सुरक्षा एवं एहतियाती उपायों के निर्देश
मुंगेली। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आपदा पूर्व तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के चलते अचानक बाढ़, मनियारी एवं शिवनाथ नदियों के जलस्तर में वृद्धि, राजीव गांधी (खुड़िया) जलाशय में भारी जल आवक तथा शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
खुड़िया बांध के जलस्तर की हर घंटे होगी निगरानी, जलमग्न पुलों और रपटों पर जीरो क्रॉसिंग नीति
जल संसाधन विभाग को राजीव गांधी (खुड़िया) जलाशय के जलस्तर की प्रति घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के गांवों को कम से कम तीन घंटे पूर्व सूचना दिए बिना तथा जिला दण्डाधिकारी की लिखित अनुमति के बिना मनियारी नदी में आपातकालीन जल डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा।
पुलिस एवं यातायात पुलिस को सभी रपटों और कॉजवे पर मजबूत बैरिकेडिंग करने तथा जीरो क्रॉसिंग नीति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी परिस्थिति में जलमग्न पुल, रपट या सड़क से वाहनों अथवा पैदल यात्रियों को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, एंटी-वेनम और जरूरी दवाओं का पर्याप्त भंडारण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंशरोधी विष (एंटी-वेनम), क्लोरीन टैबलेट सहित आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रैपिड रिस्पांस मेडिकल टीमों और एम्बुलेंस सेवाओं को 24 घंटे स्टैंडबाय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जलभराव वाले क्षेत्रों में एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करने के निर्देश
कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी को जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करने तथा टूटे तारों और गिरे हुए विद्युत पोलों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों और नियंत्रण कक्षों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने को भी कहा गया है।
नदी किनारे के क्षेत्रों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश
पशुधन विकास विभाग को नदी किनारे और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों एवं गौठानों में पहुंचाने के साथ पर्याप्त चारा और आवश्यक दवाओं का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जर्जर भवनों, पुलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है।
कलेक्टर की नागरिकों से अपील
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। नदी, बांध, नाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों अथवा कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं संबंधित विभागों को तत्काल सूचना दें। सामूहिक सतर्कता और सहयोग से भारी बारिश के दौरान संभावित जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
ISB24NEWS Online News Portal

