क्रिश्चियन प्रीमियर चैंपियनशिप 2026 रोमांचक मुकाबलों में चौके-छक्कों की बरसात
खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम और खेल भावना का शानदार उदाहरण
तखतपुर.. 28 तारीख फ्लड लाइट्स की चमक और दर्शकों के उत्साह के बीच खेले गए मुकाबलों ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। दिनभर चले मैचों में जहां एक ओर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर सधी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग ने खेल को और भी दिलचस्प बना दिया। खिलाड़ियों के जज्बे, अनुशासन और टीम भावना ने इस टूर्नामेंट को एक यादगार आयोजन बना दिया। दिन का पहला मुकाबला सी जे सी चैलेंजर्स भथरी ‘बी’ और डिसाइपल ऑफ क्राइस्ट चर्च मिशन कंपाउंड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मिशन कंपाउंड ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। सी जे सी चैलेंजर्स ने निर्धारित 8 ओवरों में 93 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
जवाब में मिशन कंपाउंड की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 5 ओवर में 94 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो अनिकेत दास रहे, जिन्होंने टूर्नामेंट की पहली अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई और मैन ऑफ द मैच बने। दूसरे मुकाबले में चर्च ऑफ क्राइस्ट कोरबा को वॉकओवर प्राप्त हुआ। तीसरा मैच मसीह ब्रदर्स धौरामाठा और गॉस्पल मार्च मिनिस्ट्री बिलासपुर के बीच खेला गया। धौरामाठा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और विपक्षी टीम को 8 ओवर में मात्र 55 रन पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मसीह ब्रदर्स ने बिना कोई विकेट गंवाए शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में सदोक ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच रहे। इसके बाद खेले गए अहम मुकाबले में चर्च ऑफ क्राइस्ट कोरबा और मसीह ब्रदर्स धौराभाठा आमने-सामने थे। कोरबा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 93 रन बनाए, जिसमें आनंद की 32 रनों की आकर्षक पारी (4 छक्के, 1 चौका) शामिल रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए मसीह ब्रदर्स की टीम 55 रन पर सिमट गई। कोरबा की ओर से सूरज सोना ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया। टूर्नामेंट की स्थिति पूल ‘ए’ से सी जे सी चैलेंजर्स भथरी ‘ए’ और क्रिश्चियन वेलफेयर सोसायटी तखतपुर ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। वहीं पूल ‘बी’ से चर्च ऑफ क्राइस्ट कोरबा पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। अब डिसाइपल ऑफ क्राइस्ट चर्च मिशन कंपाउंड और मिशन हॉस्पिटल तिल्दा के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम कोरबा से भिड़ेगी, जिससे आगामी मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
खेल प्रेमियों के लिए बेहतरीन मंच: आत्मजीत मक्कड़
मुख्य अतिथि आत्मजीत मक्कड़ ने कहा कि इस प्रकार के क्रिकेट टूर्नामेंट केवल खेल तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह युवाओं को सही दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। आयोजन समिति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल खेल को बढ़ावा दे रही है, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत कर रही है।
क्रिश्चियन समुदाय को एक मंच पर लाने का सराहनीय प्रयास: विवेक पांडेय
ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त अध्यक्ष एडवोकेट विवेक पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि यह टूर्नामेंट सामाजिक समरसता और भाईचारे का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्रिश्चियन समुदाय के लोगों को एक मंच पर लाकर इस प्रकार का आयोजन करना वास्तव में सराहनीय है, जिससे समाज में एकजुटता और आपसी समझ बढ़ती है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खेलों में अधिक से अधिक भाग लें और नशा व अन्य बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें। उनके अनुसार, ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई ऊर्जा देने का कार्य करते हैं।
नगरवासियों, व्यापारियों एवं सभी वर्गों ने किया सराहनीय समर्थन
इस भव्य आयोजन को नगर के नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों,पत्रकारों एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों का भरपूर समर्थन और सराहना मिली। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज से मैदान को जीवंत बनाए रखा। स्थानीय व्यापारियों ने भी आयोजन में सहयोग करते हुए इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला बताया। सभी वर्गों की सहभागिता ने इस टूर्नामेंट को केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामुदायिक सहभागिता का उत्सव बना दिया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में अध्यक्षता के रूप में दिलीप तोलानी एवं आयुष सिंह ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही पार्षद अंकित अग्रवाल, राजअभिषेक पांडेय, निरंजन क्षत्रिय, गरीबा यादव, संदीप साहू, केशव उपाध्याय, नरेन्द्र रात्रे, पा. रॉड्रिक जॉन, पा. लॉरेंस राज, पा. विवेक राज, नितेश सामुएल, सनत मसीह, एच. दास, अजय लूथर, समित सामुएल, अमित स्कॉट, ऑवेश जॉन, नित्यारथना रॉय, पा. आशीष दान, पा. सामुएल दास, पा. अरुण सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं खेल प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इन सभी की सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उक्त आयोजन की विस्तृत जानकारी समिति के सचिव ऑवेश जॉन द्वारा प्रदान की गई।
ISB24NEWS Online News Portal



