Breaking News

फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के भव्य फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में उमड़ा उत्साह

फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के भव्य फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में उमड़ा उत्साह

तखतपुर..खेल भावना, रोमांच और उत्सव की उजास से सराबोर तखतपुर नगर एक बार फिर क्रिकेट के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। नगर का हाई स्कूल क्रिकेट ग्राउंड आगामी 11 मई को उस समय तालियों की गूंज, चौकों-छक्कों की गर्जना और दर्शकों के उत्साह से आलोकित होगा, जब राज्य स्तरीय क्रिश्चियन प्रीमियर चैंपियनशिप फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का बहुप्रतीक्षित भव्य फाइनल मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
क्रिश्चियन वेलफेयर सोसायटी तखतपुर के तत्वावधान में आयोजित यह विराट प्रतियोगिता अब अपने चरम रोमांच पर पहुंच चुकी है। रात्रिकालीन दूधिया रोशनी में होने वाला यह महामुकाबला न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण निर्मित कर रहा है।
आयोजन समिति द्वारा फाइनल मुकाबले को अविस्मरणीय बनाने हेतु व्यापक और भव्य तैयारियां की गई हैं। संपूर्ण खेल परिसर को आकर्षक साज-सज्जा एवं रंग-बिरंगी रोशनी से अलंकृत किया जा रहा है। दर्शकों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विशेष बैठक व्यवस्था, फूड कोर्ट, शीतल पेयजल एवं कूलर जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे गर्मी के बीच भी दर्शक पूरे उत्साह के साथ मैच का आनंद ले सकें।
इस गौरवशाली आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर विधायक  डॉ. धर्मजीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ करेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में संतोष कौशिक एवं विशाल सिंह अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा में चार चांद लगाएंगे।
प्रतियोगिता के विजेता दल को 51 हजार रुपये नगद एवं आकर्षक कप, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद एवं कप प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने हेतु मैन ऑफ द सीरीज को 5 हजार रुपये एवं कप तथा फाइनल मैन ऑफ द मैच को 3 हजार रुपये एवं कप से नवाजा जाएगा। साथ ही टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी को ऑरेंज कैप तथा सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी को पर्पल कैप के साथ 1500-1500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी इस महामुकाबले को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि यह फाइनल मुकाबला रोमांच, खेल कौशल, संघर्ष और उत्साह की ऐसी अद्भुत मिसाल प्रस्तुत करेगा, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम और खेल भावना का शानदार उदाहरण

🔊 Listen to this क्रिश्चियन प्रीमियर चैंपियनशिप 2026 रोमांचक मुकाबलों में चौके-छक्कों की बरसात खिलाड़ियों …