Breaking News

जनगणना-2027 के महाअभियान में प्रगणकों की मेहनत बनी मिसाल

जनगणना-2027 के महाअभियान में प्रगणकों की मेहनत बनी मिसाल

कलेक्टर ने कहा – “आपकी भूमिका इस राष्ट्रीय अभियान की सबसे मजबूत कड़ी”


मुंगेली, ..जनगणना-2027 के ऐतिहासिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े महाअभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं जनगणना सहायकों को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर जनगणना कार्य में जुटे कर्मियों के समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों, भीषण गर्मी और चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने घर-घर पहुंचकर जिस निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण किया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि प्रगणक इस पूरे अभियान की सबसे मजबूत कड़ी हैं, क्योंकि उनके द्वारा एकत्रित किए गए सटीक डिजिटल आंकड़ों के आधार पर ही आगामी वर्षों में शासन की योजनाएं, विकास नीतियां और संसाधनों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिले के कर्मचारियों ने अपने उत्कृष्ट कार्य से एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत जरहागांव के चार्ज अधिकारी शुभम बख्तानी, जनगणना सहायक विकास साहू, नगर पंचायत सरगांव के चार्ज अधिकारी घनश्याम प्रसाद शर्मा तथा जनगणना सहायक राकेश कौशिक सहित अनेक प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने जनगणना कार्य में लापरवाही एवं कोताही बरतने पर जिला सांख्यिकी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
दिव्यांगता भी नहीं रोक सकी कर्तव्यनिष्ठा
कार्यक्रम में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जनगणना कार्य की चुनौतियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रगणक विजय कुमार निर्मलकर ने बताया कि दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने जनगणना कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया। उन्होंने कहा कि बीएलओ एवं एस.आई.आर. कार्यों के अनुभव और सोशल मीडिया के सहयोग से कार्य को सुगमता से संपन्न किया जा सका।
इसी प्रकार करही के नारायण प्रसाद शुक्ला ने बताया कि उन्होंने सतत मेहनत और लगन से नगरीय नक्शा तैयार करने का कार्य पूर्ण किया। वहीं नगर पंचायत सरगांव एवं पथरिया के सीएमओ ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद पूरी टीम ने समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया।
जिले में 93 प्रतिशत से अधिक गणना कार्य पूर्ण
अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य तीव्र गति से पूर्णता की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अब तक जिले में 02 लाख 21 हजार 813 मकानों की गणना पूर्ण हो चुकी है, जो कुल कार्य का 93.03 प्रतिशत है।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर पंचायत जरहागांव, पथरिया एवं सरगांव में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जिले में कुल 01 हजार 380 प्रगणकों में से 775 प्रगणकों ने अपना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 60 प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं चार्ज अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
जनगणना-2027 का यह अभियान जिले में प्रशासनिक दक्षता, टीम भावना और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रहा है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खमहरिया का शानदार प्रदर्शन: 10वीं में 100% और 12वीं में 97% परिणाम

🔊 Listen to this शा उच्च मा. विद्यालय खमहरिया का शानदार प्रदर्शन: 10वीं में 100% …