38 साल की बेदाग सेवा के बाद नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल हुए सेवानिवृत्त
आईजी राम गोपाल गर्ग ने शॉल-श्रीफल व स्मृति-चिह्न भेंट कर दी भावभीनी विदाई

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर परिक्षेत्र में सोमवार को नगर सैनिक क्रमांक 245 व्यासनारायण जायसवाल की सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। करीब 38 वर्षों तक कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवाएं देने वाले जायसवाल को पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग सहित कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी।पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि व्यासनारायण जायसवाल ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उन्होंने वर्ष 2002 से लगातार बिलासपुर परिक्षेत्र कार्यालय में सेवाएं देते हुए अपने कार्यों की अलग पहचान बनाई।
समारोह में आईजी ने सेवानिवृत्त नगर सैनिक को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।कई महत्वपूर्ण स्थानों पर दी सेवाएं
व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग/नगर सेना में सेवा प्रारंभ की थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने होमगार्ड पंक्ति के अलावा तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2002 से वे लगातार पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर में पदस्थ रहे।

आपदा और चुनाव ड्यूटी में भी निभाई जिम्मेदारी
सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभाईं। ओडिशा के भुवनेश्वर में आए भीषण चक्रवात एवं जलप्रलय के दौरान बचाव दल के सदस्य के रूप में उन्होंने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। वहीं मध्यप्रदेश के गुना जिले में निर्वाचन व्यवस्था एवं सुरक्षा ड्यूटी में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विदाई के दौरान भावुक हुआ माहौलविदाई समारोह में व्यासनारायण जायसवाल भावुक हो उठे। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आत्मीय सम्मान एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर आईजी राम गोपाल गर्ग ने उन्हें स्मृति-चिह्न प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में बैठाकर उन्हें ससम्मान गृह-निवास के लिए रवाना किया गया।कार्यक्रम का संचालन शंकर कश्यप ने किया। इस दौरान कार्यालय में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने साथी नगर सैनिक को भावभीनी विदाई दी।
ISB24NEWS Online News Portal

