पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, दो अन्य ग्रामीणों ने भी गंवाई जान
मुंगेली पहुंच मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचला, हादसे के बाद चालक फरार; गांव में पसरा मातम
मुंगेली। जिले के बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम दशरंगपुर में सुबह की सैर पर निकले तीन ग्रामीणों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों की जान चली गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं।
सुबह की सैर पर निकले थे तीनों ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे ग्राम दशरंगपुर निवासी अधीन मोहले, पिता दुखीराम मोहले, निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बबलू बघेल, पिता तिजाऊ राम बघेल तथा ग्राम रेहटा के भांठापारा निवासी गंगाराम सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, अस्पताल में मृत घोषित
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। अचानक हुई इस त्रासदी से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ISB24NEWS Online News Portal

