बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति
एटीआर को पर्यटन की नई पहचान दिलाने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर प्रशासन का जोर।

मुंगेली। जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने प्रेस वार्ता के माध्यम से जिले के विकास की प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से विस्तारपूर्वक संवाद किया। उन्होंने जिले के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क व्यवस्था में सुधार, पर्यटन विकास तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने को लेकर प्रशासन की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्टर ने कहा कि मुंगेली जिले में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। आम नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सड़कों की स्थिति में सुधार, आवश्यकतानुसार मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बाजार और रोजगार के अवसरों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

एटीआर में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं
कलेक्टर ने जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन संपदा इसे पर्यटन की दृष्टि से विशिष्ट बनाती है। इन संभावनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र को कान्हा-किसली की तर्ज पर आकर्षक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ क्षेत्र की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विकास ऐसा हो, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय समुदाय को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
कलेक्टर ने कहा कि पर्यटन को केवल घूमने-फिरने तक सीमित न रखते हुए इसे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। स्थानीय युवाओं एवं समुदाय के लोगों को पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय युवाओं को गाइड, होम-स्टे, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, खान-पान तथा अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाए तो उन्हें अपने ही गांव और क्षेत्र में आजीविका के नए साधन मिल सकते हैं। इससे पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

विकास में सड़क, पर्यटन और रोजगार को साथ लेकर आगे बढ़ने की तैयारीटी
कलेक्टर ने कहा कि मुंगेली जिले के समग्र विकास के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं, सुगम आवागमन, पर्यटन संभावनाओं का विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एक-दूसरे से जुड़े महत्वपूर्ण पहलू हैं। प्रशासन इन सभी क्षेत्रों को साथ लेकर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का प्रयास करेगा।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने में प्रशासन के साथ मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं, सुझाव और क्षेत्र की आवश्यकताएं प्रशासन तक पहुंचती हैं। इसलिए प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया और जिले से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ISB24NEWS Online News Portal

