धमकी देकर नाबालिग को जबरन उठाया, नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोशी की हालत में सामूहिक बालात्कार

धमकी देकर नाबालिग को जबरन उठाया, नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोशी की हालत में सामूहिक दैहिक शोषण का आरोप

जरहागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई—दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजे गए

मुंगेली। जरहागांव थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से जुड़ा एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले नाबालिग को गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। धमकी से भयभीत बालिका घर लौटने के बजाय अन्य स्थान पर चली गई। आरोप है कि वापस लौटने के बाद दोनों आरोपियों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और गांव के एक मकान में ले गए।पुलिस के मुताबिक, उक्त स्थान पर बालिका को नशीला इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी बेहोशी की स्थिति का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दैहिक शोषण किया। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जरहागांव थाने में तत्काल शिकायत दर्ज कराई गई।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

नाबालिग से संबंधित संवेदनशील प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जरहागांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 137(2), 65(1), 70(2), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस ने घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू को जांच के दायरे में लेते हुए पीड़िता का कथन दर्ज कराया तथा उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्यों को संकलित किया गया। पुलिस द्वारा आरोपों की पुष्टि से संबंधित परिस्थितिजन्य एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने दिखाई तेजी
नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस की टीम सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने साहिल यादव, पिता राजू यादव, उम्र 19 वर्ष तथा प्रहलाद धुरी, पिता सुरेश कुमार धुरी, उम्र 30 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ तथा विवेचना में सामने आए तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को 02 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
नाबालिगों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर सख्त कार्रवाई
जरहागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में शिकायत प्राप्त होते ही पीड़ित की सुरक्षा, चिकित्सकीय परीक्षण, साक्ष्य संकलन और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।

 वर्तमान प्रकरण की विवेचना अभी जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों, पीड़िता के कथन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दिव्यकांत पांडेय
थाना प्रभारी, जरहागांव

Website Design By Mytesta +91 8809666000